पुलिस ने चोरी की बाइक सहित दो चोरों को किया गिरफ्तार
टेन न्यूज ।। 10 मई 2026 ।। रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। अपराधियों पर नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अजीतमल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों और उनके कलपुर्जों सहित दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी अजीतमल के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार दिनांक 8 मई 2026 को मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के संबंध में प्राप्त तहरीरों के आधार पर थाना अजीतमल में मु0अ0सं0 192/2026 एवं 193/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान थाना अजीतमल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुरादगंज-हसुलिया रोड स्थित काली माता मंदिर के पास दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलों के चेसिस एवं कलपुर्जे, 2350 रुपये नकद तथा कई मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में दो बजाज डिस्कवर, एक हीरो स्प्लेंडर तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल संख्या यूपी 92 एम 4487 शामिल है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शाहबुद्दीन उर्फ बुब्बा पुत्र मोहम्मद बारिस निवासी ग्राम अकबरपुर थाना अयाना जनपद औरैया तथा बबलू पुत्र हफीज खान निवासी विद्यानगर बाबरपुर थाना कोतवाली अजीतमल शामिल हैं।
पूछताछ एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी बताया जा रहा है।
टेन न्यूज़ के लिए ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल की रिपोर्ट।
