• Mon. May 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिला कलक्टर ने अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

ByTen News One Desk

May 11, 2026
3 Views

जिला कलक्टर ने अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश


टेन न्यूज़ ii 11 मई 2026 ii रुपेश शर्मा ब्यूरो, अलवर/राजस्थान

डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, शिशु चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, मेडिकल एवं सर्जिकल वार्ड, रामाश्रय वार्ड, दवा वितरण केंद्र और पार्किंग क्षेत्र का अवलोकन किया। जिला कलक्टर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सामान्य चिकित्सालय में मल्टी स्टोरेज पार्किंग निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन 100 बेडेड वार्ड तक जाने वाली सड़क को 15 जून तक तथा वार्ड भवन के शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा।

उन्होंने एसटीपी कार्य में तेजी लाने, मरीजों की सुविधा के लिए पर्ची काउंटर और ओपीडी के बाहर डिजिटल स्क्रीन लगाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मरीजों और परिजनों से बातचीत में वार्डों की साफ-सफाई और निराश्रित श्वानों की समस्या सामने आई, जिस पर नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने चिकित्सालय परिसर में कचरा प्रबंधन, शीतल पेयजल, छाया और हीटवेव से बचाव की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। वार्डों में कूलर, पंखे और एसी की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया तथा खराब एसी को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज और शहर के विभिन्न नालों की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. दिनेश सूद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!