विश्व हाइपरटेंशन दिवस पर अवेयरनेस रैली और नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 86 लोग लाभान्वित

टेन न्यूज़ !! १७ मई २०२६ !! रिपोर्ट: ब्यूरो रुपेश शर्मा, लोकेशन: अलवर, राजस्थान
अलवर में विश्व हाइपरटेंशन दिवस के अवसर पर लोगों को उच्च रक्तचाप और मधुमेह के प्रति जागरूक करने के लिए अवेयरनेस रैली और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया, जहां 86 लोगों की जांच की गई।
प्राइवेट हॉस्पिटल एवं नर्सिंग होम सोसाइटी अलवर और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मित्तल हॉस्पिटल में “विश्व हाइपरटेंशन दिवस” के अवसर पर जागरूकता रैली एवं नि:शुल्क रक्तचाप और मधुमेह जांच शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. योगेंद्र शर्मा, डॉ. एस.सी. मित्तल सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली के दौरान आमजन को उच्च रक्तचाप से बचाव, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। मित्तल हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि इस वर्ष विश्व उच्च रक्तचाप दिवस की थीम “उच्च रक्तचाप को मिलकर नियंत्रित करें” रखी गई है, जिसका उद्देश्य सही जांच, समय पर उपचार और जीवनशैली में सुधार के प्रति जागरूकता फैलाना है।
रैली मित्तल हॉस्पिटल से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस अस्पताल परिसर में समाप्त हुई। इसके बाद आयोजित नि:शुल्क जांच शिविर में कुल 86 लोगों की ब्लड प्रेशर और मधुमेह जांच की गई। जांच में 36 लोग उच्च रक्तचाप और 19 लोग मधुमेह से पीड़ित पाए गए, जिन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग, रेड क्रॉस सोसाइटी, विभिन्न सामाजिक संगठनों और नर्सिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
टेन न्यूज़ के लिए अलवर राजस्थान से ब्यूरो रुपेश शर्मा की रिपोर्ट।
