जिलाधिकारी ने किया ‘नीर अमृत आरओ’ का उद्घाटन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिला रोजगार
टेन न्यूज ii 12 मई 2026 ii रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो, पीलीभीत
पीलीभीत में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा शुरू किए गए “नीर अमृत आरओ” का उद्घाटन जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन परिसर में किया गया।
ब्लॉक बरखेड़ा, मरौरी और ललौरीखेड़ा की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं श्रीमती निशा, श्रीमती सोनी, सुश्री बेबी, लक्ष्मी, शबनम बी, रजबुन निशान और कमला देवी ने मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर आरओ वाटर प्यूरिफायर की असेम्बलिंग, इंस्टॉलेशन और सर्विसिंग कार्य शुरू किया है। महिलाओं ने अपने उद्यम का नाम “नीर अमृत आरओ” रखा है।
उद्घाटन के पहले ही दिन महिलाओं को सात आरओ के ऑर्डर प्राप्त हुए, जिससे उनमें खासा उत्साह देखा गया। अधिकारियों ने महिलाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त (स्वतः रोजगार), परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
