शाहजहाँपुर डीएम का फरमान, जिम सेंटर, मैरिज लॉन और साइबर कैफे पर रहेगी प्रशासन की नजर, सीसीटीवी होंगे अनिवार्य
टेन न्यूज़ ।। 14 मई 2026 ।। डीपी सिंह, डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। जनपद में संचालित जिम सेंटर, मैरिज लॉन, डीजे, बैंड-बाजा एवं साइबर कैफे संचालकों की निगरानी को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित समेत प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि थाना प्रभारियों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप पर सभी संचालकों की सूचनाएं एकत्रित की जाएं। उन्होंने कहा कि जिन जिम सेंटरों में महिलाएं आती हैं, वहां महिला ट्रेनर की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही सभी साइबर कैफे और कैफे की जानकारी भी संकलित की जाए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जिम सेंटर, मैरिज लॉन और साइबर कैफे में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने साइबर कैफे का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में यह भी कहा गया कि उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी संयुक्त रूप से बाजारों का भ्रमण करें और अतिक्रमण मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने थानों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को अनावश्यक रूप से भटकना नहीं पड़ना चाहिए।
गंगा एक्सप्रेसवे की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रों में निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार साइन बोर्ड एवं रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश दिए गए। वहीं नगरिया मोड़ पुलिस चौकी के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे, नगर मजिस्ट्रेट पर्वेंद्र कुमार सहित समस्त उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
