“जनगणना 2027 को लेकर शाहजहाँपुर अलर्ट” : पुलिस लाइन में चला स्वगणना अभियान, यूपी में मिला चौथा स्थान
टेन न्यूज ii 15 मई 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़
शाहजहाँपुर। शाहजहाँपुर पुलिस लाइन में शुक्रवार को जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एडीएम वित्त एवं राजस्व / जिला जनगणना अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस विभाग के कर्मचारियों को ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया तथा मौके पर ही स्वगणना भी कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्वगणना का कार्य 7 मई से 21 मई तक संचालित किया जा रहा है। नागरिक se.census.gov.in� पोर्टल पर लॉगिन कर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्वगणना अभियान में शाहजहाँपुर जनपद पूरे उत्तर प्रदेश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जो जिले के लिए गौरव की बात है।
अधिकारियों ने उपस्थित पुलिस कर्मियों को जनगणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण और आवश्यक जानकारी भरने के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सभी से अपील की गई कि वे स्वयं स्वगणना करने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान में भागीदारी निभा सकें।
कार्यक्रम में जनगणना 2027 के दोनों चरणों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि पहला चरण “मकान गणना एवं मकान सूचीकरण” 22 मई से 20 जून तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण “व्यक्ति गणना” 9 फरवरी से 28 फरवरी तक संपन्न कराया जाएगा।
अधिकारियों ने जनगणना को देश के विकास, योजनाओं के निर्माण और जनकल्याण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
