• Mon. May 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

औरैया में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार

ByTen News One Desk

May 18, 2026
4 Views

औरैया में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार


टेन न्यूज़ ii 18 मई 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर जागू में हुए चर्चित युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगी ईंट, मृतक का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल की गई साइकिल भी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्र और क्षेत्राधिकारी बिधूना पुनीत मिश्रा के निर्देशन में थाना बिधूना, स्वाट व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार हत्या पुरानी रंजिश और बहन के साथ कथित गलत हरकत का बदला लेने के उद्देश्य से की गई।

जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को अतर सिंह निवासी ग्राम कल्यानपुर जागू ने थाना बिधूना में अपने पुत्र वीपी सिंह उर्फ नन्दकिशोर (32) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन गांव के बाहर एक कुएं से नन्दकिशोर का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम कल्यानपुर जागू स्थित उड़द के खेत में दबिश देकर आरोपी राजकिशोर उर्फ कल्लू और उसके भाई कुन्जविहारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में राजकिशोर ने बताया कि मृतक ने कुछ समय पहले उसकी बहन के साथ कथित गलत हरकत की थी, जिससे वह बदला लेना चाहता था।

पुलिस के अनुसार 10 मई की शाम आरोपी ने गांव के बाहर आम के पेड़ के पास बैठे नन्दकिशोर के सिर पर पीछे से ईंट मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों भाइयों ने शव के हाथ-पैर बांधकर साइकिल से कुएं तक पहुंचाया और उसमें फेंक दिया। शव को छिपाने के लिए ऊपर से बाजरे की पराली भी डाल दी गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों में राजकिशोर उर्फ कल्लू (35) और कुन्जविहारी (22) पुत्र इन्द्रबहादुर बाथम निवासी ग्राम कल्यानपुर जागू थाना बिधूना शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!