• Thu. May 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

वकीलों की शिकायत पर तिलहर के टी स्टॉल पर खाद्य विभाग का छापा, दूध-चाय समेत कई सैंपल लिए

ByTen News One Desk

May 21, 2026
6 Views

वकीलों की शिकायत पर तिलहर के टी स्टॉल पर खाद्य विभाग का छापा, दूध-चाय समेत कई सैंपल लिए


हंगामे के बीच पहुंची पुलिस, गंदगी और घटिया सामग्री बेचने की शिकायत पर कार्रवाई


टेन न्यूज़ ii 21 मई 2026 ii अमुक सक्सेना

तिलहर, शाहजहांपुर। तहसील के निकट स्थित एक टी स्टॉल पर संयुक्त बार एसोसिएशन अध्यक्ष की शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल की और खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। कार्रवाई के दौरान मौके पर शोर-शराबा होने पर पुलिस फोर्स को भी बुलाना पड़ा।

बताया गया कि संयुक्त बार एसोसिएशन अध्यक्ष द्वारा 1 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें टी स्टॉल पर साफ-सफाई न होने, नाबालिग कर्मचारियों से काम कराने तथा घटिया सामग्री से खाद्य पदार्थ तैयार कर बेचने का आरोप लगाया गया था। शिकायत में कहा गया था कि इससे अधिवक्ताओं और वादकारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। साथ ही विशेष टीम गठित कर कच्चे दूध, चाय और अन्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजने और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई थी।

जिला खाद्य निरीक्षक वागीश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टी स्टॉल से वनस्पति, बेसन और दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। अधिकारियों ने स्टॉल संचालक को साफ-सफाई बेहतर रखने, बर्तनों की उचित धुलाई कराने और खाद्य सामग्री रखने के स्थान को सुरक्षित एवं अलग रखने के निर्देश देते हुए नोटिस भी जारी किया।

कार्रवाई के दौरान स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। इस दौरान खाद्य निरीक्षक मनोज कुमार और विनय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!