प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कलान में महर्षि कश्यप की प्रतिमा का किया अनावरण

टेन न्यूज़ !! २३ मई २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर के कलान नगर पंचायत में शुक्रवार शाम नवनिर्मित महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा एवं महर्षि कश्यप वाटिका का लोकार्पण प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप तथा भाजपा विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर महर्षि कश्यप को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि महर्षि कश्यप वाटिका नगर पंचायत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणा एवं स्वच्छ वातावरण का केंद्र बताया। मंत्री ने कहा कि महर्षि कश्यप सृष्टि के रचनाकार माने जाते हैं और वेद, पुराण एवं उपनिषदों में उन्हें श्रेष्ठ ऋषि के रूप में स्वीकार किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की स्थापना एवं विस्तार में महर्षि कश्यप का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज को उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर सद्मार्ग पर चलना चाहिए।
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार महर्षि कश्यप के गौरव को स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और मध्यम वर्ग सहित हर वर्ग के हित में कार्य कर रही है। वहीं विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दल विकास और रोजगार की राजनीति नहीं करना चाहते और भाजपा सरकार के हर अच्छे कार्य की आलोचना करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।