ठा. मुन्ना सिंह नवादा की गाड़ी हुई दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे

टेन न्यूज़ !! २३ मई २०२६ !! डीपी सिंह@पप्पू अंसारी@शाहजहांपुर
मीरानपुर कटरा। थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब ठा. मुन्ना सिंह नवादा की नई Toyota Fortuner कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फॉर्च्यूनर का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार ठा. मुन्ना सिंह नवादा अपने बेटे, गनर और चालक के साथ तिलहर की ओर से मीरानपुर कटरा आ रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। चालक का नियंत्रण ट्रक से हट गया और ट्रक सीधे आगे चल रही फॉर्च्यूनर में पीछे से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर अनियंत्रित होकर डगमगा गई और उसका पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था और यदि वाहन की गति थोड़ी और अधिक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि ठा. मुन्ना सिंह समेत सभी लोग बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद ट्रक चालक भी काफी घबराया हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर यातायात को सामान्य कराया। हादसे के बाद क्षेत्र में पूरे दिन इस घटना की चर्चा होती रही।