खेत किनारे लगे तार ने ली नवविवाहित युवक की जान, क्षेत्र में शोक की लहर

तिलहर, शाहजहांपुर। तिलहर क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुआ एक दर्दनाक हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया। खेत किनारे लगाए गए तार ने एक नवविवाहित युवक की जिंदगी छीन ली। हादसा इतना भयावह था कि जिसने भी घटना के बारे में सुना, उसकी रूह कांप उठी।
जानकारी के अनुसार थाना तिलहर की बिरसिंहपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम विट्ठलपुर प्रहलादपुर के पास बराह मोहब्बतपुर निवासी 19 वर्षीय सूरजपाल पुत्र राजपाल की तार से गर्दन कट जाने के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सूरजपाल अपनी पत्नी जामुनी देवी को मायके छोड़ने के लिए बिरसिंहपुर तक गया था। उसकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व थाना जैतीपुर क्षेत्र के आलमपुर नदैया गांव में हुई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक पत्नी को सवारी पर बैठाने के बाद सूरजपाल वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में खेत किनारे लगा तार उसकी गर्दन में फंस गया। तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि युवक काफी देर तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा, लेकिन समय पर मदद और इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी जामुनी देवी सदमे में है।
सूचना पर पहुंचे बिरसिंहपुर चौकी प्रभारी प्रदीप रझौरिया ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।