त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड में कटरा पुलिस, पीस कमेटी बैठक के बाद बाजारों में किया पैदल मार्च

टेन न्यूज़ !! २३ मई २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस की कटरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। शुक्रवार को थाना कटरा परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्राधिकारी तिलहर, तहसीलदार तिलहर, थाना प्रभारी सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देने की बात कही गई।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीस कमेटी बैठक के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं थाना कटरा पुलिस टीम ने कस्बे और प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में मौजूद व्यापारियों एवं आम लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना हुआ है।