मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश![]()
टेन न्यूज़ ii 23 मई 2026 ii ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एनसीओआरडी (NCORD) की जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि गांजा, डोडा, स्मैक, चरस, हेरोइन सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर स्थित संदिग्ध ढाबों, होटलों तथा जनपदीय सीमाओं पर संयुक्त टीमों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद के संदिग्ध गांवों एवं व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शासन के निर्देशानुसार मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री और अभिलेखों की जांच की जा रही है।
औरैया, दिबियापुर, फफूंद, अछल्दा, बिधूना, अटसू, बाबरपुर और अजीतमल क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों की सघन जांच कर दवाओं के नमूने राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि आबकारी आयुक्त प्रयागराज के निर्देश पर 1 मई से 15 मई 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के अड्डों पर छापेमारी की तथा राजमार्गों पर स्थित ढाबों और होटलों की आकस्मिक जांच भी की।
मुख्य चिकित्सा विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने के लिए मेडिकल स्टोरों की लगातार निगरानी की जा रही है और जीवन रक्षक दवाओं की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड भी संकलित किया जा रहा है।
वहीं शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में नशामुक्ति अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग ने मलिन बस्तियों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एनसी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।