• Tue. Sep 1st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अल्ट्राटेक फैक्ट्री के बाहर खड़े ट्रक को युवक ले भागा, 400 मीटर दूर डम्पर से भिड़ंत

ByTen News One Desk

May 24, 2026
197 Views

अल्ट्राटेक फैक्ट्री के बाहर खड़े ट्रक को युवक ले भागा, 400 मीटर दूर डम्पर से भिड़ंत


नशे में धुत आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा, बड़ा हादसा टला


टेन न्यूज ii 24 मई 2026 ii पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक फैक्ट्री के बाहर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फैक्ट्री के सामने खड़ा एक ट्रक युवक चोरी की नीयत से लेकर फरार हो गया। ट्रक लेकर भागा युवक करीब 400 मीटर दूर पहुंचते ही सामने से आ रहे डम्पर से जा भिड़ा। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद निवासी ट्रक मालिक जगत बंधू रघुबंसी का ट्रक अल्ट्राटेक फैक्ट्री में संचालित है। ट्रांसपोर्ट कार्य कपिल गंगवार द्वारा देखा जाता है। बताया गया कि ट्रक चालक वाहन को फैक्ट्री के बाहर खड़ा कर पास के होटल पर चाय पीने चला गया था। इसी दौरान मौका पाकर ग्राम खमरिया, तहसील तिलहर, थाना कटरा निवासी सचिन दास पुत्र सेवाराम दास ट्रक लेकर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक नशे की हालत में था। तेज रफ्तार में ट्रक भगाते समय वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे डम्पर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद आरोपी युवक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!