• Wed. May 27th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

छत पर सोता रहा परिवार चोरों ने लाखों के जेवर किए पार, खेत में मिली जेवरों की खाली डिब्बियां

ByTen News One Desk

May 27, 2026
11 Views

छत पर सोता रहा परिवार चोरों ने लाखों के जेवर किए पार, खेत में मिली जेवरों की खाली डिब्बियां


टेन न्यूज़ !! २७ मई २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। फफूँद थाना क्षेत्र के गांव मुढ़ी अड्डा में सोमवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। घटना के समय पूरा परिवार मकान की छत पर सो रहा था, चोर नीचे गैलरी के रास्ते घर में घुस आए और कमरे में रखे बक्से का कुंडा तोड़कर उसमें रखे जेवर चोरी कर ले गए।

पीड़ित सोनू पुत्र सुघर सिंह ने बताया कि चोर पत्नी मधु तथा बहन शशिकांति के जेवर चुरा ले गए। चोरी हुए जेवरों में पत्नी का मंगलसूत्र, झाले, नथनी, कंधेनी और पायल शामिल हैं। वहीं बहन के कान की झुमकी,अंगूठी, मंगलसूत्र, ॐ, पायल, कंधेनी तथा चांदी के कुछ सिक्के भी चोर उठा ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

सोनू ने बताया कि रात करीब तीन बजे उसकी आंख खुली तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। घटना के बाद घर से लगभग सौ मीटर दूरी पर खेत में जेवरों की खाली डिब्बियां पड़ी मिलीं, जिन्हें देखकर आशंका जताई जा रही है कि चोर जेवर निकालकर डिब्बियां वहीं फेंक गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के साथ खेत में मिली डिब्बियों का भी निरीक्षण किया।

गौरतलब है कि इसी गांव में दो दिन पूर्व भी चोरी की घटना हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित ने मामले की तहरीर थाने में देने की बात कही है। थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अभी कोई प्रार्थना पत्र नही मिला है l घटना की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!