“तिलहर में दो अलग घटनाओं से सनसनी: युवती को भगा ले जाने और छेड़खानी का मामला दर्ज”![]()
टेन न्यूज़ ii 07 जून 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । थाना क्षेत्र में महिलाओं से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने सनसनी फैला दी है। एक ओर ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाली युवती को कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर मेडिकल स्टोर पर युवती से छेड़खानी की घटना में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में निगोही क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती, जो अपने परिवार के साथ एक ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी करती थी, को बृहस्पतिवार देर रात कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा है। युवती की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गढ़िया रंगीन क्षेत्र के अमरेड़ी गांव निवासी एक युवक उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया। महिला का आरोप है कि इस घटना में गांव के तीन सगे भाइयों ने भी युवक की मदद की। पीड़िता की मां के अनुसार, युवती घर में रखे 25 हजार रुपये, सोने के एक जोड़ी कुंडल और चांदी की एक जोड़ी पायल भी साथ ले गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना निजामपुर गोटिया गांव स्थित एक मेडिकल स्टोर की है, जहां एक युवती ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, वह 24 मई को मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई थी, जहां आरोपी युवक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी भी दी। पुलिस ने युवती की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।