• Sun. Jun 7th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

“समाधान दिवस में महिला की गुहार: दबंगों पर जमीन कब्जाने और उत्पीड़न का आरोप”

ByTen News One Desk

Jun 7, 2026
23 Views

“समाधान दिवस में महिला की गुहार: दबंगों पर जमीन कब्जाने और उत्पीड़न का आरोप”


टेन न्यूज़ ii 07 जून 2026 ii नीरज प्रताप सिंह

छिबरामऊ/कन्नौज। जनपद कन्नौज की तहसील छिबरामऊ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक पीड़ित महिला की शिकायत चर्चा का विषय बनी रही। महिला ने गांव के कुछ दबंग और रसूखदार लोगों पर उसकी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा करने और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।

ग्राम कुडरा (मौजा बिशुनगढ़) निवासी श्यामा देवी पत्नी रमेश चंद ने अपर जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उसकी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। महिला का कहना है कि उसके पति सीधे-साधे और मानसिक रूप से कमजोर हैं, जिसका फायदा उठाकर विपक्षी उनके हिस्से की जमीन, मकान और इंजन कोठी तक हड़पना चाहते हैं।

पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है और मवेशियों को खोलकर उनके खूंटे व नांद तक तोड़ दिए जाते हैं। महिला ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने जिले के उच्च अधिकारियों और थाना बिशुनगढ़ में कई बार शिकायत की, लेकिन राजनीतिक रसूख के चलते उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई और पुलिस ने कथित रूप से विपक्षियों का पक्ष लिया।

श्यामा देवी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जमीन पर कब्जा रोकने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। अब देखना होगा कि समाधान दिवस में उठे इस मामले पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित महिला को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!