नदी में नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत,परिजनों सहित गांव में मचा हड़कंप

टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के बेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुर्वा भवन में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया गांव के पास पांडव नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पुर्वा भवन निवासी धीरेंद्र पाल का आठ वर्षीय पुत्र विष्णु और हरजूपुर्वा निवासी सुदेश का आठ वर्षीय पुत्र अंश रविवार को अपने चाचा धर्मेंद्र पाल के साथ भेड़ चराने गए थे। तभी दोनों बच्चे घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित पांडव नदी में नहाने चले गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर धर्मेंद्र पाल ने फोन कर घरवालों से बच्चों के बारे में जानकारी ली। जहां उन्हें बच्चों के घर न पहुंचने की सूचना दी गई। इस पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद उन्होंने नदी में बच्चों की तलाश शुरू की, जहां गहरे पानी में बने गड्ढे में से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। परिजन उन्हें तत्काल बेला स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां से डाॅक्टर ने दोनों को मेडिकल काॅलेज कन्नौज रेफर कर दिया। परिजन दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज कन्नौज लेकर पहुंचे। जहां डाॅक्टर ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक अंश अपनी तीन बहनों में इकलौता भाई था। विष्णु के पिता धीरेंद्र पाल रोजी-रोटी के लिए मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं और कुछ दिन पूर्व ही वह अपने घर पर आए थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। पुलिस घटना की तफ़्दीस में जुटी हुई है ll