• Thu. Nov 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर में 208 मतदेय स्थल घटे, अब कुल 2602 बूथ

ByTen News One Desk

Nov 5, 2026
1 Views

शाहजहांपुर में 208 मतदेय स्थल घटे, अब कुल 2602 बूथ


निर्वाचन आयोग ने छह विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन को दी मंजूरी, 12 नवंबर को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची


टेन न्यूज़ !! ०५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर,5 नवम्बर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शाहजहांपुर जनपद में मतदेय स्थलों के सम्भाजन को भारत निर्वाचन आयोग ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 2810 से घटकर 2602 रह गई है। इस प्रकार अब जनपद में 208 मतदेय स्थल कम हो गए हैं।

इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने आयोग से मिली स्वीकृति और आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।

विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों की स्थिति

  • कटरा: 446 से घटकर 415
  • जलालाबाद: 470 से घटकर 455
  • तिलहर: 453 से घटकर 419
  • पुवायां (अजा): 488 से घटकर 450
  • शाहजहांपुर: 460 से घटकर 410
  • ददरौल: 493 से घटकर 453

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 19,31,373 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 10,68,876 पुरुष, 8,62,446 महिला और 51 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

12 नवंबर को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यक्रम के अनुसार एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और संशोधन के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से संबंधित कार्यवाही करेंगे।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष रूप से पात्र महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। साथ ही राजनीतिक दलों से नए मतदेय स्थलों के अनुसार बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने अथवा पुराने एजेंटों की सूची संशोधित कर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग से अनुमोदित मतदेय स्थलों की सूची का अंतिम प्रकाशन कर उसकी प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि मतदाताओं को अपने नए निर्धारित मतदान केंद्र की जानकारी समय से मिल सके।

बैठक में संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!