नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुल्डोजर, एसपी ने किया निरीक्षण

टेन न्यूज़ !! ०९ जून २०२६ !! डॉ जगदेव सिंह प्रजापति ब्यूरो, अमरोहा
थाना रहरा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं एससी/एसटी एक्ट के मामले में नामजद आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त करा दिया। शासन की महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा संबंधी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना रहरा में दर्ज मुकदमा संख्या 141/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत ग्राम मदारीपुर निवासी फरमान पुत्र अहमद अली को नामजद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग द्वारा आरोपी के मकान एवं निर्माण की जांच और नाप-जोख कराई गई। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने पर विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक अमरोहा लखन सिंह यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
अमरोहा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बाइट : अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा अखिलेश भदौरिया।
टेन न्यूज़ के लिए अमरोहा से ब्यूरो चीफ डॉ. जगदेव सिंह प्रजापति की रिपोर्ट।