अलवर में कलयुगी बेटे पर पिता की हत्या का आरोप, धारदार हथियार से वार कर उतारा मौत के घाट![]()
टेन न्यूज ii 10 जून 2026 ii अलवर (राजस्थान) | ब्यूरो: रुपेश शर्मा ब्यूरो |
अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित रामकृपाल नगर में मंगलवार रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटे पर अपने पिता की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि रामकृपाल नगर स्थित एक मकान में एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से एक धारदार गंडासा बरामद किया। मृतक की पहचान रोहतास के रूप में हुई, जो मूल रूप से डीग जिले के मातूका गांव का निवासी था और अलवर में किराए के मकान में रहकर टेम्पो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के गले पर कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की सूचना और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद की आशंका सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से शराब का सेवन कर रहा था। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घटना के समय मृतक की पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थी, जबकि घर पर पिता और बेटा ही मौजूद थे। ऐसे में पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस आरोपी किशोर से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।