अलवर में गरजा नगर निगम का पीला पंजा, नया बास सर्किल पर दूसरे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान![]()
टेन न्यूज ii 10 जून 2026 ii अलवर (राजस्थान) | ब्यूरो: रुपेश शर्मा
अलवर शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को नगर विकास न्यास और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के तहत नया बास सर्किल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला, जिससे क्षेत्र में हलचल का माहौल देखने को मिला।
नगर निगम की अतिक्रमण प्रभारी निशा लखानी के नेतृत्व में निगम टीम ने सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान जेसीबी मशीन और निगम कर्मियों की मदद से अवैध रूप से रखे गए सामान, अस्थायी ढांचे तथा अन्य बाधाओं को हटाया गया।
अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक भूमि पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन को राहत देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर नगर निगम अधिकारी, पुलिस जाब्ता और निगम कर्मचारी मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। नगर निगम की इस कार्रवाई का कई स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए कहा कि सड़क और सार्वजनिक मार्ग अतिक्रमण मुक्त होने से यातायात सुगम होगा और लोगों को सुविधा मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।