• Tue. Jun 16th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में यूपी-112 कॉलर्स से ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Jun 16, 2026
13 Views

कन्नौज में यूपी-112 कॉलर्स से ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार


मोबाइल फोन, फर्जी अधिवक्ता परिचय पत्र व नकदी बरामद


टेन न्यूज ii 16 जून 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। कन्नौज पुलिस, एसओजी/सर्विलांस सेल तथा यूपी-112 की संयुक्त टीम ने यूपी-112 कॉलर्स से धोखाधड़ी कर रुपये ऐंठने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, कूटरचित अधिवक्ता परिचय पत्र तथा नगदी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर कुलवीर सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली, एसओजी/सर्विलांस सेल एवं यूपी-112 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से पीआरवी वाहनों के सीयूजी नंबरों पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्वयं को यूपी-112 मुख्यालय का कर्मचारी बताकर फोन किए जा रहे थे। आरोपी फीडबैक लेने के नाम पर पूर्व इवेंट की जानकारी, कॉलर का नाम, मोबाइल नंबर एवं अन्य विवरण प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद संबंधित कॉलर्स को थाना पुलिसकर्मी, लेखपाल अथवा अधिवक्ता बनकर फोन किया जाता था और समस्या का समाधान कराने का झांसा देकर रुपये की मांग की जाती थी।

आरोपी व्हाट्सएप पर अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर लोगों से रकम ट्रांसफर कराते थे। जनपद कन्नौज में कई लोगों से हजारों रुपये की ठगी किए जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ मामलों में प्रयास किए गए। पुलिस अन्य जिलों में हुई घटनाओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी अमन कुमार तिवारी उर्फ मुल्ली पुत्र विष्णुदयाल निवासी ग्राम दाउदपुर थाना सिधौली, जनपद शाहजहाँपुर तथा रामवीर पुत्र स्व. बाबूराम निवासी ग्राम सल्लिया थाना रोजा, जनपद शाहजहाँपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी तरीके से सिम कार्ड लेकर यूपी-112 अधिकारी बनकर पीआरवी कर्मियों से जानकारी जुटाते थे और बाद में कॉलर्स को झांसे में लेकर जनसेवा केंद्रों व दुकानों के क्यूआर कोड पर रुपये डलवाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो कीपैड मोबाइल फोन, एक फर्जी अधिवक्ता परिचय पत्र तथा 2,900 रुपये नगद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!