बंगाली समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर 38वें दिन भी जारी रहा आंदोलन
टेन न्यूज़ !! १७ जून २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो
उधमसिंह नगर/उत्तराखंड! रुद्रपुर में बंगाली समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन सोमवार को 38वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के समर्थन में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि लगातार पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में आंदोलन स्थल पर पहुंचकर वक्ताओं ने अपना समर्थन व्यक्त किया और आंदोलनकारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान श्री सुब्रत विश्वास के नेतृत्व में चल रहे अनशन में शामिल लोगों के साथ बैठकर एकजुटता दिखाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि बंगाली समाज लंबे समय से अपने अधिकारों और मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। समाज के लोगों को न्याय दिलाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से शीघ्र वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की।
इस अवसर पर श्री सुब्रत विश्वास सहित आंदोलन से जुड़े अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने आंदोलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।