कलेक्टर की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम डीएलसीसी, डीएलआरसी एवं डीएलआईसी बैठक संपन्न![]()
टेन न्यूज ii 19 जून 2026 ii रिपोर्ट: विकास सियारिया
मध्य प्रदेश के धार जिले में शुक्रवार को कलेक्टर सभागृह में वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी), जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) एवं डीएलआईसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजीव रंजन मीना ने की। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी भी उपस्थित रहे।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक बलराम बैरागी ने जिले के विभिन्न बैंकों के क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात (सीडी रेशियो) की शाखावार प्रगति की जानकारी दी। साथ ही बैंकों में बढ़ते एनपीए (अशोधित ऋण) को कम करने के लिए आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना सहित विभिन्न हितग्राही योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी ने आगामी बैठक के लिए विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति लक्ष्य निर्धारित किए। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल से उपस्थित एलडीओ अंकुश सिन्हा ने सभी बैंकों को ऋण स्वीकृति तथा प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण वितरण की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकिंग सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में नई शाखाएं खोलने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में नाबार्ड की डीडीएम सौदामिनी माईणकर ने प्री-पीएलपी की समीक्षा प्रस्तुत की। इस दौरान विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी विभाग, एनआरएलएम एवं आरसेटी के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन योजनाओं के प्रभावी संचालन, ऋण वितरण में वृद्धि तथा आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।