• Sun. Jun 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर में  प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित

ByTen News One Desk

Jun 21, 2026
8 Views

शाहजहांपुर में  प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित


उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना, प्रदेश में विकास कार्यों में द्वितीय एवं राजस्व कार्यों में प्रथम स्थान प्राप्त


टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर

शाहजहांपुर जनपद के नोडल अधिकारी श्री मनीष चौहान, प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन उ०प्र० पुनर्गठन समन्वय, भाषा विभाग, उ०प्र० विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की प्रगति एवं रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद अनेक योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों में ग्रेड ‘ए’ प्राप्त करते हुए जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रदेश स्तर पर जनपद को विकास कार्यों में द्वितीय स्थान तथा राजस्व कार्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पीएम सूर्योदय घर योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, एमआईडीएच, माइक्रो इरिगेशन, खराब ट्रांसफार्मर शिकायतों के निस्तारण, विद्युत आपूर्ति, विद्युत बिल सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास ग्रामीण, पीएम कुसुम योजना तथा मनरेगा योजनाओं में जनपद ग्रेड ‘ए’ श्रेणी में रहा है।

मनरेगा के अंतर्गत लंबित पुरानी इन्वेंट्री के भुगतान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि 30 जून तक समस्त लंबित भुगतान पूर्ण कर लिए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित प्रोजेक्ट अलंकार में भी जनपद को ग्रेड ‘ए’ प्राप्त हुआ है। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभाग द्वारा दो महत्वपूर्ण सेतु निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। कन्या विवाह सहायता योजना तथा भवनों के मानचित्र स्वीकृति संबंधी कार्यों में भी जनपद का प्रदर्शन ग्रेड ‘ए’ श्रेणी का रहा है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत एम्बुलेंस सेवा 102 एवं 108, टेली रेडियोलॉजी, मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा सीटी स्कैन सेवाओं में भी जनपद को ग्रेड ‘ए’ प्राप्त हुआ है। दुग्ध मूल्य भुगतान एवं दुग्ध विकास योजनाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया गया है।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत दिव्यांग पेंशन योजना एवं दिव्यांग पेंशन आधार सीडिंग, फैमिली आईडी, पंचायती राज विभाग के पंद्रहवें वित्त आयोग, पर्यटन, पर्यावरण तथा प्राथमिक शिक्षा विभाग के ऑपरेशन कायाकल्प कार्यक्रम में भी जनपद को ग्रेड ‘ए’ प्राप्त हुआ है।

पशुधन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पशुधन विकास एवं अंडा उत्पादन के क्षेत्र में भी जनपद का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। वर्तमान में जनपद में 33,340 निराश्रित गोवंशों का संरक्षण विभिन्न गोआश्रय स्थलों के माध्यम से किया जा रहा है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं, जिनमें शादी अनुदान योजना भी शामिल है, में भी जनपद को ग्रेड ‘ए’ प्राप्त हुआ है। खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यों में जनपद को 10 में से 10 अंक प्राप्त हुए हैं।

प्रमुख सचिव श्री मनीष चौहान ने समीक्षा के उपरांत जनपद के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकांश योजनाओं में प्रगति सराहनीय है। जिन विभागों अथवा योजनाओं में बजट की आवश्यकता है, वहां आवश्यक कार्यवाही करते हुए बजट उपलब्ध कराया जाएगा ताकि विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहे।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानक कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं, किंतु किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारी के कार्य का वास्तविक मूल्यांकन जनता की संतुष्टि से होता है। यदि आमजन को योजनाओं का लाभ समय से प्राप्त हो रहा है और वे प्रशासनिक सेवाओं से संतुष्ट हैं, तो यही सुशासन की वास्तविक पहचान है। अधिकारियों को केवल निर्धारित मानकों तक सीमित न रहकर उससे आगे बढ़कर जनहित में कार्य करने का प्रयास करना चाहिए।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की उत्कृष्ट रैंकिंग को बनाए रखने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादित करें।
____

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!