1874.81 लाख रुपये की लागत से खन्नौत नदी पर बनेगा सेतु, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया शिलान्यास

टेन न्यूज़ !! २१ जून २०२६ !! डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़
शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर के ग्राम हथौरिया के पश्चिमी छोर से पीपल घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर खन्नौत नदी पर प्रस्तावित सेतु निर्माण परियोजना का रविवार को विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर परियोजना का शुभारंभ किया तथा बटन दबाकर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार तथा जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।![]()
परियोजना प्रबंधक विजेन्द्र कुमार मौर्य ने बताया कि खन्नौत नदी पर बनने वाले सेतु की कुल लंबाई 107.08 मीटर होगी। सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षा कार्यों सहित इस परियोजना पर कुल 1874.81 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी। सेतु निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।![]()
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार आधारभूत संरचनाओं को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सेतु के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, यात्रा का समय कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, कृषि, बुनियादी सुविधाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे जनहितकारी योजना करार दिया।