शाहजहाँपुर: NDRF ने NCC कैडेटों को दिया आपदा प्रबंधन एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण![]()
टेन न्यूज़ ii 22 जून 2026 ii डेस्क न्यूज़, शाहजहाँपुर।
पूर्व मानसून तैनाती (Pre-Monsoon Deployment) के तहत हनुमतधाम आश्रय स्थल, शाहजहाँपुर में तैनात 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम 8M द्वारा सामुदायिक जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में टीम कमांडर निरीक्षक दीपिका के नेतृत्व में NDRF टीम ने जवाहर नवोदय विद्यालय में 25वीं वाहिनी NCC कैडेटों के लिए आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक फर्स्ट एड पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को रक्तस्राव नियंत्रण, स्प्लिंटिंग, सीपीआर (CPR), एफबीएओ (FBAO), आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन निकासी तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बाढ़ के दौरान उपयोग किए जाने वाले अस्थायी तैरन उपकरण (Flood Improvised Devices) के बारे में भी बताया गया। NDRF टीम ने सभी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर कैडेटों को आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर 25वीं वाहिनी NCC के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. एस. चीमा, कर्नल आनंद शर्मा, सूबेदार मेजर सुनील रावत सहित NCC स्टाफ एवं सेना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने NDRF की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण युवाओं को जागरूक बनाने और उन्हें प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता (First Responder) के रूप में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।