• Tue. Jun 23rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

गुरसहायगंज क्षेत्र में करोड़ों की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग

ByTen News One Desk

Jun 23, 2026
14 Views

 गुरसहायगंज क्षेत्र में करोड़ों की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग


टेन न्यूज़ !! २३ जून २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह

छिबरामऊ (कन्नौज)। कन्नौज जनपद की तहसील छिबरामऊ अंतर्गत गुरसहायगंज क्षेत्र में करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। क्षेत्र निवासी राजीव कुमार गुप्ता ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कन्नौज को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार गुरसहायगंज क्षेत्र के मुजाहिद नगर स्थित गाटा संख्या 112 से संबंधित भूमि पर अवैध कब्जे का मामला है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित भूमि ऐसे परिवार से जुड़ी है, जिसके एक सदस्य के वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान पाकिस्तान जाने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ता ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि मामले से जुड़े कुछ दस्तावेज, शपथ पत्र और पासपोर्ट संबंधी अभिलेख शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं। उनका आरोप है कि भूमि के संबंध में राजस्व अभिलेखों और कब्जे की स्थिति की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

राजीव कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता, अवैध कब्जा या सरकारी अभिलेखों में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर शासन के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

मामले को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं।

टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!