दिल्ली से कन्नौज तक सनसनी: युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

टेन न्यूज़ !! २३ जून २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,
कन्नौज। जनपद कन्नौज के थाना इंदरगढ़ क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों के आरोपों ने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम भटोली निवासी खुशबू पुत्र चेतराम की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम सुक्सैनपुर निवासी संजना पुत्री रामप्रकाश के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र स्थित मकान संख्या C-1/235, गली नंबर-9 में रह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, खुशबू का दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान करीब दो माह पूर्व उसकी पत्नी संजना अपने भाई दीपक के साथ मायके सुक्सैनपुर आ गई थी। मृतक पक्ष का आरोप है कि वह अपने साथ लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी भी ले आई थी। परिजनों का कहना है कि इसके बाद पत्नी ने खुशबू की कोई सुध नहीं ली।
बताया जा रहा है कि खुशबू अपने भाई नंदकिशोर के साथ मंगदपुरवा स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को अपने गांव के समीप रोक लिया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना इंदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी संजना और एक नाबालिग पुत्री को छोड़ गया है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बीती रात कन्नौज के महादेवी घाट पर मृतक के भाई नंदकिशोर ने खुशबू का अंतिम संस्कार किया।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वहीं, मौत से पहले खुशबू द्वारा कही गई बातों और पत्नी के बयानों ने इस पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।