रायबरेली: मॉडर्न रेलकोच कारखाने में सीनियर अधिकारी ने जूनियर कर्मचारी से की मारपीट, वीडियो वायरल

टेन न्यूज़ !! २४ जून २०२६ !! रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो चीफ, स्थान: रायबरेली
लालगंज/रायबरेली। रायबरेली जिले के लालगंज स्थित मॉडर्न रेलकोच फैक्ट्री (एमसीएफ) में एक सीनियर अधिकारी द्वारा जूनियर कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है और विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला एमसीएफ के इलेक्ट्रिकल वंदे भारत विभाग का है। आरोप है कि विभाग में तैनात सेक्शन इंजीनियर सुभाषचंद्र ने किसी बात को लेकर अपने अधीनस्थ कर्मचारी कृष्ण कुमार के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। वायरल वीडियो में अधिकारी को कर्मचारी के साथ हाथापाई करते हुए देखा जा सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारी को कई थप्पड़ मारे गए तथा बेल्ट से मारने का भी प्रयास किया गया।
मारपीट की घटना में कर्मचारी कृष्ण कुमार के घायल होने की सूचना है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद आरोपी अधिकारी ने पीड़ित कर्मचारी से माफी मांगकर विवाद को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों में इस घटना को लेकर नाराजगी बनी हुई है।
कर्मचारी संगठनों ने कार्यस्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग करते हुए आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
टेन न्यूज़ के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।