रायबरेली: एआरटीओ विभाग की सरकारी गाड़ी से सवारियां ढोने का वीडियो वायरल, जांच की मांग तेज

टेन न्यूज़ !! २४ जून २०२६ !! रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो, स्थान: रायबरेली
रायबरेली। जनपद में परिवहन विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक सरकारी वाहन में सवारियां बैठाते हुए एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग का बताया जा रहा है। वीडियो में सड़क किनारे खड़ी एक सरकारी गाड़ी में कुछ लोगों को बैठाते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रही सरकारी गाड़ी रायबरेली में तैनात यात्रीकर अधिकारी (पीटीओ) से संबद्ध बताई जा रही है। वहीं, वाहन में सवारियां बैठाता दिखाई दे रहा व्यक्ति संबंधित अधिकारी का चालक होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय स्तर पर हलचल बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि यदि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां सही पाई जाती हैं तो यह सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का गंभीर मामला हो सकता है।
अब सभी की निगाहें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं। देखना होगा कि मामले की जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है और वायरल वीडियो में सामने आए तथ्यों की पुष्टि किस रूप में होती है।
टेन न्यूज़ के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।