पैतृक मकान पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

टेन न्यूज़ !! २६ जून २०२६ !! प्रभाष चंद्र ब्यूरो, कन्नौज |
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है। इसी बीच जनपद कन्नौज के तिर्वा तहसील क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपने पैतृक मकान पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, तहसील तिर्वा के ग्राम रेरी निवासी रामविलास पुत्र राम लड़ेते ने जिलाधिकारी कन्नौज को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक जमीन पर बने मकान पर कुछ दबंग लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित रामविलास ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनकी संपत्ति को कब्जामुक्त कराया जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि आरोपित लगातार मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे उनका परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि टेन न्यूज़ में मामला सामने आने के बाद प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और क्या पीड़ित को न्याय मिल पाता है।
फिलहाल, इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
