• Sun. Jun 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएँ, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

ByTen News One Desk

Jun 28, 2026
1 Views

थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएँ, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी


टेन न्यूज़ !! २८ जन २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

शासन की मंशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से थाना सौरिख पहुंचकर फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की शिकायतों का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रार्थना-पत्र को अनावश्यक रूप से लंबित रखना अथवा निस्तारण में लापरवाही बरतना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर तथ्यपरक परीक्षण किया जाए तथा पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक प्रकरण में विधिसम्मत एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।

थाना समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तत्काल लिया एक्शन

थाना समाधान दिवस के दौरान एक फरियादी द्वारा मक्का क्रय केंद्र पर मक्का की खरीद न किए जाने की शिकायत प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खड़नी ग्यासपुर मक्का क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रय व्यवस्था का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए कि किसानों के मक्का की तौल एवं खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक पात्र किसान का मक्का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से खरीदा जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुनः दोहराया कि शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं शिकायत निवारण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा।

कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!