• Sun. Jun 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में आर्य समाज पर हमला, कब्जे की कोशिश में दर्जनभर घायल, रिपोर्ट दर्ज

ByTen News One Desk

Jun 28, 2026
2 Views

तिलहर में आर्य समाज पर हमला, कब्जे की कोशिश में दर्जनभर घायल


टेन न्यूज ii 28 जून 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर

तिलहर स्थित आर्य समाज परिसर में रविवार सुबह जबरन कब्जे की कोशिश को लेकर दो दर्जन से अधिक हमलावरों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने संस्था के मंत्री लोकेश आर्य पर जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए अंदर भागे लोकेश का पीछा करते हुए हमलावर विवाह समारोह तक पहुंच गए और वहां मौजूद महिलाओं व पुरुषों को भी नहीं बख्शा।

लाठी-डंडों और पथराव से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब दर्जनभर लोग घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। बारातियों ने एकजुट होकर हमलावरों का मुकाबला किया और उन्हें खदेड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया, जहां से गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

लोकेश आर्य ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आर्य समाज से पूर्व में निष्कासित कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ परिसर में घुस आए और हमला कर दिया। आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता व मारपीट भी की, साथ ही सोने के आभूषण गायब होने का आरोप है।

घटना के संबंध में आधा दर्जन नामजद समेत करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल प्रिंस शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!