जिलाधिकारी ने पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ, प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाने का किया आह्वान![]()
टेन न्यूज ii 29 जून 2026 ii प्रभाष चंद्र ब्यूरो
कन्नौज। महिला जिला चिकित्सालय कन्नौज में आयोजित बूथ दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने फीता काटकर जनपद स्तरीय पल्स पोलियो अभियान पल्स पोलियो प्रोग्राम का शुभारंभ किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिला चिकित्सालय में लगभग 25 बच्चों को पोलियो की दवा दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी पात्र बच्चे को इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित नहीं रहने दिया जाए।
उन्होंने बताया कि जनपद में अभियान के सफल संचालन के लिए कुल 827 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2 लाख 74 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान बूथों पर शुक्रवार तक संचालित रहेगा। इसके बाद सोमवार से शुक्रवार तक एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाएंगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फरहान पुत्र वसीम, निवासी हम्मालीपुरा, कन्नौज, जो जन्मजात कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप) से पीड़ित है, के उपचार हेतु राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि बच्चे के एक वर्ष की आयु पूर्ण होने पर आरबीएसके के माध्यम से उसका निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने उपचाराधीन अतिकुपोषित जुड़वां बच्चों का समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित कराने तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी, डीआईओ डॉ. जितेन्द्र कुमार नाग, डॉ. सारंग, डिप्टी सीएमओ डॉ. एम.बी. सिंह, डीएसओ डॉ. बृजेश शुक्ला, डिप्टी सीएमओ डॉ. अजहर, डॉ. हरि माधव, डिप्टी डीआईओ डॉ. अमिता पटेरिया, डीएआरओ वाई.के. मंजुल, सुरेंद्र कुमार (फार्मासिस्ट) सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।