छिनैती कांड में 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व नकदी बरामद![]()
टेन न्यूज़ ii 29 जून 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। दिबियापुर थाना पुलिस ने छिनैती कांड में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 20,230 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 की रात बेला रोड निवासी बृजेश कुमार गुप्ता अपने सहार स्थित गोदाम से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान असैनी और बरू गांव के बीच सफेद अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में लैपटॉप, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा और पिकअप वाहन के जरूरी दस्तावेजों के साथ दो दिन की कलेक्शन की नकदी रखी थी।
घटना के अगले दिन 18 अप्रैल को थाना दिबियापुर में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों शिवम, आशीष कुमार और असद उर्फ पोपे को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित आरोपी संजय उर्फ संजू उर्फ शुभम पुत्र शिवबालक निवासी गुलखरा (जीवा सिरसानी), थाना सहार को असैनी पुलिया के पास से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और नकदी बरामद हुई।
प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।