सहकारिता से समृद्धि की ओर: शाहजहांपुर में भव्य सहकारी सम्मेलन संपन्न![]()
टेन न्यूज़ ii 04 जुलाई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क @शाहजहांपुर
शाहजहांपुर में सहकारिता विभाग द्वारा टाउनहॉल रोड स्थित होटल रॉयल पन्ना के सभागार में भव्य सहकारी सम्मेलन एवं सहकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने पर मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर अर्चना वर्मा रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर ने की। महापौर ने कहा कि सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। डी.पी.एस. राठौर ने बताया कि नई सहकारी समितियों के गठन से किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
सम्मेलन में समिति भवन और गोदाम निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले समाजसेवियों को ‘सहकार गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मदनापुर के ग्राम प्रधान सत्येंद्र सिंह तथा कलान क्षेत्र के महेश चंद्र को भूमि दान के लिए विशेष सम्मान मिला। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई पदाधिकारियों, शाखा प्रबंधकों और समितियों को भी सम्मानित किया गया।
सहायक आयुक्त डॉ. गणेश गुप्ता ने किसान ऋण सुविधा के विस्तार पर जोर दिया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी ने समितियों में पारदर्शिता और डिजिटल लेनदेन बढ़ाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे।