गेल बिहार हॉस्टल में सीनियर मैनेजर का मिला शव, चार दिन पहले मौत की आशंका

टेन न्यूज़ !! ०८ जुलाई २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गेल बिहार कॉलोनी स्थित हॉस्टल में रह रहे गेल के सीनियर मैनेजर का शव कमरे से बरामद हुआ। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर निवासी 45 वर्षीय बाया पीवी रेड्डी रेनाटी पुत्र नेगी रेड्डी दिबियापुर स्थित गेल कंप्रेसर स्टेशन में इलेक्ट्रिकल विभाग में सीनियर मैनेजर के पद पर तैनात थे। कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने पर रेड्डी का शव बेड पर पड़ा मिला।
शव फूल चुका था और उसकी त्वचा भी उखड़ने लगी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत चार दिन पहले हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।