फतेहगंज पूर्वी में सड़क बनी तालाब, एक साल से जलभराव से जूझ रहा बिलपुर मार्ग![]()
टेन न्यूज ii 09 जुलाई 2026 ii मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली। फतेहगंज पूर्वी कस्बे से बिलपुर गांव को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पिछले करीब एक वर्ष से जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। हाल की बारिश के बाद स्थिति और अधिक खराब हो गई है। सड़क तालाब का रूप ले चुकी है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे की बाउंड्री बनने के बाद जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे सड़क पर स्थायी रूप से पानी भरने लगा। वहीं नाले गंदगी से पटे पड़े हैं और नाला सड़क से ऊंचा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। परिणामस्वरूप पीडब्ल्यूडी की सड़क भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढों में भरा गंदा पानी दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।
इस मार्ग पर कई विद्यालय स्थित हैं। रोजाना सैकड़ों स्कूली बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं। जलभराव के कारण बच्चों को दीवारों और चबूतरों का सहारा लेकर निकलना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
ई-रिक्शा, बाइक और साइकिल सवार भी आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं। लगातार जमा गंदे पानी से संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि कई ग्रामीण अब इस मार्ग का उपयोग छोड़कर रेलवे प्लेटफॉर्म के रास्ते कस्बे तक पहुंचने को मजबूर हैं।
आपातकालीन सेवाएं भी इस समस्या से प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से एम्बुलेंस निकालना भी मुश्किल हो गया है, जिससे मरीजों की जान पर खतरा मंडरा सकता है।
सबसे अधिक परेशानी लेखपाल कॉलोनी के लोगों को झेलनी पड़ रही है। दूसरे रास्ते से आने-जाने के लिए उन्हें खुले नाले को पार करना पड़ता है, क्योंकि नाले की डिप लंबे समय से टूटी हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था, नालों की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण तथा नाले की टूटी डिप की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
रिपोर्ट: बरेली ब्यूरो