• Sat. Jul 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने जनसुनवाई में सुनी महिलाओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

ByTen News One Desk

Jul 11, 2026
10 Views

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने जनसुनवाई में सुनी महिलाओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


टेन न्यूज़ !! ११ जुलाई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने शनिवार को विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जनपद कन्नौज की 7 तथा कानपुर देहात की 28 सहित कुल 35 पंजीकृत शिकायतों की सुनवाई की गई। इसके अलावा 20 अपंजीकृत शिकायतों पर भी विचार किया गया। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना राष्ट्रीय महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, पारिवारिक विवाद एवं अन्य महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान कन्नौज के ग्राम राजूपुर निवासी श्रीमती सपना, पत्नी स्वर्गीय पुनीत कुमार, को विधवा पेंशन एवं पारिवारिक लाभ योजना से आच्छादित किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बाल सेवा योजना के अंतर्गत भी लाभान्वित किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या बबिता सिंह चौहान, सदस्या पुष्पा पाण्डे, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रभाष चंद्र
टेन न्यूज़, कन्नौज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!