तिलहर में प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हाईवे किनारे हटाए गए अवैध कब्जे

तिलहर (शाहजहाँपुर)। तिलहर में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 24/30 स्थित भक्सी तिराहे पर प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान हाईवे की भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया और यातायात को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान निजी संपत्ति की बाउंड्री को राजस्व अभिलेखों के अनुरूप व्यवस्थित कराया गया। साथ ही कब्रिस्तान के मुख्य प्रवेश द्वार (गेट) को भी उसकी पूर्व निर्धारित मूल स्थिति पर स्थानांतरित कराया गया।
अभियान के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके।