• Sun. Jul 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 205 जोड़ों का हुआ विवाह संपन्न, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, उज्ज्वल भविष्य की कामना

ByTen News One Desk

Jul 12, 2026
8 Views

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 205 जोड़ों का हुआ विवाह संपन्न, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, उज्ज्वल भविष्य की कामना


टेन न्यूज़ !! 12 जुलाई २०२६ !! डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर।

उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के मुख्य अतिथि श्री सुरेश कुमार खन्ना ने राजकीय इन्टर कालेज मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि ने नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि पूर्व में परिवारों में पुत्र के जन्म पर अधिक प्रसन्नता व्यक्त की जाती थी, जबकि अब बेटियों के जन्म को भी उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कन्या सुमंगला योजना संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत बालिकाओं को विभिन्न चरणों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

उन्होंने बताया कि कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत एक बेटी छह चरणों में कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि 10 से 15 वर्ष पूर्व परिवारों को बेटी के जन्म के साथ ही उसकी शिक्षा और विवाह की चिंता सताने लगती थी, किन्तु वर्तमान सरकार ने बेटियों की शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य पूर्ण करने के पश्चात बेटियां स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से भी सशक्त बन सकती हैं।

वित्त मंत्री ने कहा कि बेटियों की विवाह योग्य आयु होने पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर वर्तमान में विवाह संपन्न कराए जा रहे हैं तथा इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों के आधार पर आगामी नवंबर माह में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिसमें से 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन एवं व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित दूल्हों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी पत्नियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें तथा किसी भी प्रकार का विवाद, अत्याचार अथवा उत्पीड़न न होने दें।

वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2017 से जनवरी 2026 तक जनपद शाहजहांपुर में कुल 10,933 जोड़ों तथा नगर विधानसभा क्षेत्र में 1,862 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि आज दिनांक 12 जुलाई, 2026 को राजकीय इन्टर कालेज के खिरनीबाग मैदान, शाहजहांपुर में 177 हिंदू एवं 28 मुस्लिम कुल 205 जोड़ों का वैवाहिक संपन्न कराया गया। वित्त मंत्री ने सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विधान परिषद सदस्य श्री सुधीर गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है तथा समाज के वंचित वर्ग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।

लोकसभा सांसद श्री अरुण कुमार सागर ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा एवं विवाह तक की जिम्मेदारी निभाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता प्रदान कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा भी गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों के हित में 150 से अधिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आमजन को प्राप्त हो रहा है।

जिलाधिकारी श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता प्रदान करते हुए उनकी सामाजिक, धार्मिक मान्यताओं, परम्पराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सम्पन्न कराना तथा समाज में सर्वधर्म समभाव एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये की धनराशि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाती है। कन्या के दाम्पत्य जीवन में खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना हेतु पूर्व में दी जाने वाली 60 हजार रुपये की राशि को बढ़ाकर अब 64 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन एवं व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं। विवाह संस्कार हेतु आवश्यक सामग्री पर 21 हजार रुपये की धनराशि व्यय की जाती है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी श्री उत्कर्ष द्विवेदी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता यादव, महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री डी.पी.एस. राठौर, पीडी डीआरडीए अवधेश राम, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा विभिन्न विकास खंडों के ब्लॉक प्रमुख, अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!