• Tue. Jul 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न

ByTen News One Desk

Jul 14, 2026
1 Views

जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न


टेन न्यूज़ !! १४ जुलाई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी स्कूल वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र एवं बीमा अनिवार्य रूप से वैध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विद्यालय प्रबंधक अपने-अपने विद्यालयों के वाहनों का अद्यतन विवरण संबंधित विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि माह जून 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 31 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी, जबकि जून 2026 में यह संख्या घटकर 24 रह गई है। इसी प्रकार जून 2025 में घायल व्यक्तियों की संख्या 171 थी, जो जून 2026 में घटकर 155 हो गई है। उन्होंने इसे सकारात्मक परिणाम बताते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग समन्वित प्रयास जारी रखें, ताकि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि में और अधिक कमी लाई जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष बल देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाकर नियमानुसार चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसके उपरांत विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तथा घर-घर दस्त नियंत्रण अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देकर संचारी रोगों की रोकथाम करना तथा आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, नालियों की नियमित सफाई, एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की प्रभावी जानकारी दें तथा अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं, साबुन से नियमित हाथ धोएं, शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें, भोजन को ढककर रखें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं तथा बुखार, दस्त या अन्य संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराएं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “स्वस्थ व्यवहार ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रशासन के प्रयास तभी सफल होंगे, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करेगा।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चन्द्र, उपायुक्त एनआरएलएम राजकुमार लोधी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!