बाराबंकी में मुख्यमंत्री योगी ने 542 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास![]()
टेन न्यूज ii 20 जुलाई 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बाराबंकी जनपद का दौरा कर भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है और इसे श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर बाराबंकी ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि कॉरिडोर बनने के बाद यहां पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों को भी व्यापक लाभ होगा।![]()
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का नागरिक जब देश के किसी भी हिस्से में अपनी पहचान बताता है, तो उसे सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। यह प्रदेश में सुशासन, कानून व्यवस्था और विकास का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबंकी को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के रूप में विकसित किया जा रहा है। एक ओर लखनऊ और दूसरी ओर अयोध्या होने के कारण बाराबंकी को दोनों शहरों के विकास का सीधा लाभ मिलेगा और यह जनपद तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।![]()
उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी के.डी. सिंह ‘बाबू’ को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन भारतीय हॉकी को समर्पित किया। उनकी स्मृतियों को सहेजने के लिए बाराबंकी स्थित उनकी हवेली का संरक्षण किया जाएगा तथा वहां उनके नाम पर एक आधुनिक संग्रहालय (म्यूजियम) का निर्माण कराया जाएगा।![]()
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹542 करोड़ से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाबी और टूलकिट भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, सेवा और समावेशी विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा उत्तर प्रदेश का प्रत्येक जनपद विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि “नए उत्तर प्रदेश” के साथ “नया बाराबंकी” भी विकास की नई पहचान बनेगा।