टेन न्यूज़ की खबर का असर: कन्नौज कलेक्ट्रेट के बदहाल शौचालयों का शुरू हुआ निर्माण व मरम्मत कार्य

टेन न्यूज़ !! २३ जुलाई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का असर एक बार फिर देखने को मिला है। कुछ माह पूर्व टेन न्यूज़ कन्नौज ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में बने बदहाल शौचालयों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के प्रसारण के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए शौचालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू करा दिए हैं।
बताया गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में आम जनता की सुविधा के लिए बने शौचालय लंबे समय से जर्जर अवस्था में थे, जिससे फरियादियों, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को सर्वेश कुमार एडवोकेट ने उठाया था, जिसके बाद टेन न्यूज़ ने इसे प्रमुखता से प्रसारित किया।
खबर का संज्ञान लेते हुए प्रशासन हरकत में आया और अब शौचालयों के सुधार का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मामलों पर इसी तरह त्वरित कार्रवाई होती रहेगी।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।