BREAKING NEWS: कोचिंग से लौट रहे छात्र को ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर मौत; एक अन्य घायल

टेन न्यूज़ !! 30 जुलाई २०२६ !! रिपोर्ट: राहुल विश्वकर्मा ,महोबा
महोबा। जनपद महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग पढ़कर लौट रहे 16 वर्षीय छात्र की ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान महेंद्र यादव (16 वर्ष) पुत्र मेड़ेलाल यादव, निवासी ग्राम चांदी भमई, थाना सिसोलर, हाल निवासी राजेंद्र नगर, कबरई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महेंद्र कोचिंग से घर लौट रहा था, तभी कबरई थाना क्षेत्र के कुम्हेटा रोड स्थित मनीषा टॉकीज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में महेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य छात्र घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही कबरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
छात्र की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।