गुरु पूर्णिमा पर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव दरबार तरा मेवा में हुआ भव्य धार्मिक आयोजन

टेन न्यूज़ !! ३० जुलाई २०२६ !! रामवीर, फरीदपुर/बरेली
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर संत महापुरुषों की तपोस्थली गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव दरबार, तरा मेवा में श्रद्धा और भक्ति के साथ धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु साहिब के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरबाणी पाठ से हुई, जिसके उपरांत कथा-विचार का आयोजन किया गया। संगत ने गुरु महिमा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
बताया जाता है कि यह स्थान ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मान्यता है कि प्राचीन समय में बाबा श्रीचंद जी महाराज यहां पधारे थे और इस स्थान पर भजन-कीर्तन एवं साधना की थी। तभी से यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, यहां प्रत्येक पूर्णिमा पर भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज़ से श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसी भी मान्यता है कि इस पावन स्थान पर सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं गुरु महाराज की कृपा से पूर्ण होती हैं।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव दरबार, तरा मेवा के सेवादार बाबा दलविंदर सिंह जी ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने तथा मानव सेवा, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।