हरिद्वार में गलतफहमी का शिकार हुए कांवड़िये, साथी श्रद्धालुओं ने दूसरे कावड़िए कों जमकर पीटा और कार तोड़ी![]()
टेन न्यूज ii 02 अगस्त 2026 ii अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो, उधमसिंह नगर
हरिद्वार (उत्तराखंड)। हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान गलतफहमी के कारण एक अप्रिय घटना सामने आई। हरियाणा नंबर की एक कार की कांवड़ियों से हल्की टक्कर होने के बाद कार सवार घबराकर मौके से भागने लगे। उन्हें भागता देख मौजूद श्रद्धालुओं ने उन्हें असामाजिक तत्व समझ लिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। गुस्साई भीड़ ने कार में भी जमकर तोड़फोड़ कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।![]()
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। जांच में पता चला कि कार में सवार सभी लोग हरियाणा से हरिद्वार जल लेने आए कांवड़िये ही थे। टक्कर के बाद भीड़ के डर से वे भागे थे, लेकिन अन्य श्रद्धालुओं ने इसे गलत समझकर हमला कर दिया।
पुलिस ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बरतने तथा किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी संदेह या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि गलतफहमी के कारण किसी निर्दोष के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।