• Mon. Aug 3rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

IGRS में औरैया नंबर-1, पूरे प्रदेश में पुलिस का शानदार प्रदर्शन

ByTen News One Desk

Aug 3, 2026
4 Views

IGRS में औरैया नंबर-1, पूरे प्रदेश में पुलिस का शानदार प्रदर्शन


टेन न्यूज ii 03 अगस्त 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो

औरैया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी जुलाई माह की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में औरैया जिले ने प्रदेश के सभी 75 जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के चलते जिले को यह बड़ी उपलब्धि मिली है।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया। इसका परिणाम यह रहा कि प्रदेश स्तर की जुलाई रैंकिंग में जनपद औरैया शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।

जिले की कोतवाली औरैया, बिधूना, अछल्दा, सहायल, एरवाकटरा, सहार, बेला, अयाना, कुदरकोट, फफूंद और महिला थाना ने शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ शिकायतों का निस्तारण कर थाना रैंकिंग में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि पूरे पुलिस महकमे के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

औरैया पुलिस ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, आईजीआरएस पोर्टल, ऑनलाइन शिकायतों, समाधान दिवस तथा उच्चाधिकारियों से प्राप्त प्रकरणों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया। शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए लगातार मॉनिटरिंग की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम प्रदेश रैंकिंग में देखने को मिला।

इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने आईजीआरएस सेल से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने सभी को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा जारी रखने के निर्देश दिए। यह उपलब्धि न केवल औरैया पुलिस के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!